सिद्धार्थनगर: 50 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, ASP बोले- ‘जल्द होगा घटना का अनावरण’
सिद्धार्थनगर जनपद के उसका बाजार थाना क्षेत्र के तालभिरौना गांव में रविवार रात एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई।

सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर जनपद के उसका बाजार थाना क्षेत्र के तालभिरौना गांव में रविवार रात एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चंद्रबली लोधी उर्फ सरदार लोधी (50) के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है।
सड़क किनारे मिला रक्तरंजित शव
जानकारी के अनुसार, तालभिरौना गांव के निवासी चंद्रबली लोधी का शव बीती रात के समय गांव के पास ही सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। शव को देखते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और भारी भीड़ जमा हो गई। आशंका जताई जा रही है कि हत्यारा वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही उसका बाजार थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
ASP प्रशांत कुमार प्रसाद का बड़ा बयान
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) प्रशांत कुमार प्रसाद ने जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।जांच के दौरान कुछ संदिग्ध लोगों के नाम प्रकाश में आए हैं।पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही घटना का सफल अनावरण कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
चंद्रबली उर्फ सरदार लोधी की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों के बीच वह एक परिचित चेहरा थे, इसलिए इस घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों और चोट के निशानों की प्रकृति स्पष्ट हो सके।




